हाड़ कंपाती ठंड ने आम जनमानस की दिनचर्या पर लगाया ब्रेक
उत्तराखण्ड
16 जनवरी 2026
हाड़ कंपाती ठंड ने आम जनमानस की दिनचर्या पर लगाया ब्रेक
पंतनगर। मौसम वैज्ञानिकों की भविष्यवाणी सच साबित हुई और पारा विगत दिवस को दो अंक लुढ़ककर 1.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस हाड़ कंपाती ठंड ने आम जनमानस की दिनचर्या पर ब्रेक लगाते हुए उन्हें घरों में ही दुबकने पर मजबूर कर दिया है।
जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अजित सिंह नैन ने इस दौरान पाला पड़ने की संभावनाओं से भी इन्कार नहीं किया है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वह अपनी फसलों के बचाने के लिए भरपूर सिंचाई करें, क्योंकि पाले के दौरान हल्की सिंचाई फसलों के लिए लाभ की जगह नुकसानदेह होती है। बताया कि प्रशांत महासागर में हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है लेकिन इसका कोई असर उत्तराखंड में नहीं दिखाई देगा। विगत सप्ताह बीतने के बावजूद ठंड के सीजन में बारिश नहीं होने से सभी फसलों के उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश होने से स्थितियां बदल भी सकती हैं।


