उत्तराखंड

विश्वविद्यालय परिसर में कुछ मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता

उत्तराखण्ड
9 जुलाई 2026
विश्वविद्यालय परिसर में कुछ मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता
रुद्रपुर। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार करने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है. पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में कुछ मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की गई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में जबरदस्त उबाल है. गुस्साए परिजनों और सैकड़ों महिलाओं ने देर रात पंतनगर कोतवाली का घेराव कर भारी हंगामा किया. जनता के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आरोपी ठेका कर्मी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

गोविंद वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है. विश्वविद्यालय के सुरक्षित माने जाने वाले परिसर के भीतर कुछ नाबालिग बच्चियों के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. इस शर्मनाक हरकत की जानकारी जैसे ही स्थानीय निवासियों और बच्चियों के परिजनों को हुई, पूरे क्षेत्र में तीव्र आक्रोश फैल गया.बुधवार की देर रात पंतनगर कोतवाली में भारी गहमा-गहमी और हंगामे का माहौल देखने को मिला. जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर डट गए.

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम को कुछ नाबालिग बच्चियां पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही टहलने और घूमने के लिए निकली थीं. आरोप है कि इसी दौरान विश्वविद्यालय परिसर में ही कार्यरत एक ठेका कर्मी, जिसकी पहचान दीपक शर्मा के रूप में हुई है, ने बच्चियों को अकेला पाकर उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी. आरोपी ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील व अभद्र व्यवहार किया. सहमी हुई बच्चियों ने किसी तरह सूझबूझ दिखाई और आरोपी के चंगुल से छूटकर भागते हुए अपने घर पहुंचीं. रोती-बिलखती बच्चियों ने जब अपने परिजनों को इस पूरी आपबीती और शर्मनाक हरकत की जानकारी दी, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई.

घटना की सूचना जंगल की आग की तरह पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई. देखते ही देखते पीड़ित परिजनों के साथ सैकड़ों स्थानीय नागरिक और विशेष रूप से भारी संख्या में महिलाएं एकजुट हो गईं. आक्रोशित भीड़ तुरंत पंतनगर कोतवाली पहुंच गई. पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया. कोतवाली परिसर में देर रात तक लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा.

प्रदर्शन कर रहे लोगों और महिलाओं का साफ कहना था कि पंतनगर विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित, अनुशासित और सुरक्षित माने जाने वाले शैक्षणिक परिसर में इस तरह की घिनौनी वारदात को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि बेटियां विश्वविद्यालय परिसर के अंदर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो वे कहां सुरक्षित रहेंगी? प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी को तत्काल सलाखों के पीछे भेजा जाए. उसके खिलाफ ऐसी कठोरतम धाराओं में मुकदमा चलाया जाये.

मामले की संवेदनशीलता, गंभीरता और जनता के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आया. स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस के आला अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ठेका कर्मी दीपक शर्मा को हिरासत में लिया. उसके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया.

पंतनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) नंदन सिंह बिष्ट ने मामले की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी दीपक शर्मा के खिलाफ सख्त पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की हर पहलू से विस्तृत और गहन जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *