उत्तराखंड

विद्युत विभाग और विजिलेंस की टीम की बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई

उत्तराखण्ड
13 अक्टूबर 2026
विद्युत विभाग और विजिलेंस की टीम की बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई
रामनगर। विद्युत विभाग और विजिलेंस की टीम ने रामनगर में मंगलवार तड़के बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. देहरादून, हल्द्वानी और रुद्रपुर से पहुंची टीमों ने खताड़ी, पुछड़ी और आसपास के कई मोहल्लों में एक साथ छापेमारी कर विद्युत कनेक्शनों की जांच की. विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इस कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी के मामलों में करीब 15 से 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया,इस दौरान टीम और कुछ लोगों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली.

रामनगर में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग और विजिलेंस की टीम ने सुबह तड़के अभियान चलाया. इस कार्रवाई में देहरादून मुख्यालय, हल्द्वानी और रुद्रपुर से आई टीमों के साथ स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे. विजिलेंस इंस्पेक्टर मारुत साह, सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में अलग-अलग टीमें बनाकर कई स्थानों पर बिजली कनेक्शनों की जांच की गई.

रामनगर के खताड़ी और पुछड़ी समेत आसपास के क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संदिग्ध कनेक्शनों की जांच की. विभाग का कहना है कि जांच में बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं. मौके पर कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों और टीम के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. हल्द्वानी विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता रवि कुमार राजोरा ने बताया कि बिजली चोरी की शिकायतों और लाइन लॉस वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि अभियान के लिए पांच टीमें बनाई गई थीं, जिनमें विजिलेंस की टीमें, अभियंता और लाइन स्टाफ शामिल रहे. टीमों ने अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की. बताया कि जांच के दौरान करीब 15 से 20 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामलों में एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है, उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद संबंधित मामलों में बिजली चोरी का आकलन किया जाएगा. इसके बाद नियमानुसार जुर्माना निर्धारित कर वसूली के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली चोरी और लाइन लॉस की समस्या वाले अन्य क्षेत्रों में भी आगे अभियान जारी रहेगा. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल न करें, क्योंकि बिजली चोरी का आर्थिक बोझ अन्य उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है. फिलहाल रामनगर में विजिलेंस और बिजली विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप है. अब जांच रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा कि कितने मामलों में एफआईआर दर्ज हुई और कितनी जुर्माना राशि निर्धारित की गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *