विंटर कार्निवाल, क्रिसमस और 31 दिसम्बर के साथ-साथ शीतकालीन पर्यटन का शानदार आगाज
उत्तराखण्ड
22 दिसम्बर 2025
विंटर कार्निवाल, क्रिसमस और 31 दिसम्बर के साथ-साथ शीतकालीन पर्यटन का शानदार आगाज
हल्द्वानी। नैनीताल में क्रिसमस, कार्निवल, 31 दिसम्बर और नए साल को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. नैनीताल में क्रिसमस और नए साल की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं, होटल व्यवसायी पर्यटक स्थलों पर नए-नए इवेंट की तैयारियों में जुटे हैं. जिससे क्रिसमस और नए साल सैलानियों के लिए यादगार बनाया जा सके. नैनीताल जिले में अगले दो सप्ताह चुनौती भरे रहने वाले हैं क्योंकि विंटर कार्निवाल, क्रिसमस और 31 दिसम्बर के साथ-साथ शीतकालीन पर्यटन का शानदार आगाज होने वाला है. लिहाजा यातायात व्यवस्था से लेकर पर्यटकों को असुविधा न हो यह जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है. क्रिसमस और 31दिसम्बर के मौके पर नैनीताल पर्यटकों से गुलजार रहता है, देश विदेश के सैलानी यहां घूमने के लिए आते हैं.
वीकेंड में पर्यटक कैंची धाम में बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में पुलिस प्रशासन ने जहां विशेष यातायात व्यवस्था की तैयारी कर दी है, तो वहीं जिला प्रशासन ने होटल एसोसिएशन से बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और रेट लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं. पर्यटकों को यातायात के दौरान कोई भी परेशानी नहीं आए इसके लिए पर्यटकों को रामनगर, नैनीताल और कैंची धाम भवाली और भीमताल की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए रूट तय किए गए हैं. इतना ही नहीं अलग अलग रूट में जाने वाले वाहनों को जनपद में प्रवेश के दौरान बैरिकेडिंग में स्टीकर लगा कर आगे को भेजा जाएगा.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 22 दिसंबर से 7 जनवरी तक जनपद में कार्निवल, क्रिसमस, 31दिसम्बर, न्यू ईयर के साथ साथ पर्यटक सीजन है. इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं. पुलिस सभी अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेशन बैठक कर चुकी है. पर्यटकों की यात्रा सुगम हो इसकी रूपरेखा भी तैयार की जा चुकी है. जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि अतिथि भावना के साथ नैनीताल में पर्यटकों का स्वागत हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा. होटल एसोसिएशन के साथ बैठक की जा चुकी है. जनपद पर्यटकों के स्वागत के लिए खड़ा है.


