रूट डायवर्जन – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नैनीताल दौरा
उत्तराखण्ड
20 मार्च 2026
रूट डायवर्जन – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नैनीताल दौरा
हल्द्वानी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च को प्रस्तावित दौरे को देखते हुए नैनीताल पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी है. एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि यह ड्यूटी अत्यंत महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण है, खासकर ईद पर्व के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है. उन्होंने 19 से 22 मार्च तक रात 11 बजे से 1 बजे तक विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए. ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ हर गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम को देना अनिवार्य किया गया है. इसके अलावा “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत सुबह 5 से 7 बजे तक संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी.
धार्मिक स्थलों, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं अलविदा जुम्मा की नमाज सार्वजनिक स्थानों पर न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन को समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है. वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बम निरोधक दस्ते के साथ हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सघन चेकिंग की जाएगी. साथ ही होटलों, लॉज और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा. यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है. भारी और छोटे वाहनों को काठगोदाम, ज्यौलीकोट और भवाली बाईपास के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा. वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भीमताल मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और कुछ समय के लिए जीरो जोन घोषित किया जाएगा.
भारी वाहनों का डायवर्जन (यथा मालवाहक/यात्री वाहन)
वीआईपी कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को भीमताल मोड (काठगोदाम )से वाया ज्यौलीकोट-गेठिया- भवाली नया बाईपास से होकर भेजा जाएगा.
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहनों को भवाली नया बाईपास- गेठीया- ज्यौलीकोट से होकर भेजा जाएगा.
छोटे वाहनों का डायवर्जन
वीआईपी कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहनों को भीमताल मोड (काठगोदाम) से वाया ज्यौलीकोट- गेठिया- भवाली नया बाईपास से होकर भेजा जायेगा.
पर्वतीय क्षेत्रो से हल्द्वानी की ओर जाने वाले समस्त प्रकार के छोटे वाहनों को भवाली नया बाईपास-गेठीया-ज्यौलीकोट होकर भेजा जायेगा.
पिथौरागढ/चम्पावत की ओर से आने वाले समस्त प्रकार के वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट के 15 मिनट पहले खुटानी बैंड से 200मीटर पीछे की ओर रोका जायेगा व वीवीआईपी के अपने गंतव्य स्थान पर पहुचने के उपरांत उक्त वाहनों को छोड़ा जायेगा.
वीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कंटीजेन्सी मार्ग भीमताल मार्ग पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा. जब वीवीआईपी फ्लीट घोडाखाल स्कूल से हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेगी भवाली/भीमताल मोटर मार्ग में जीरो जोन किया जाएगा.
घोड़ाखाल, रामगढ़ की ओर से आने वाले वाहन जो हल्द्वानी अन्य मैदानी जनपदों को जाना चाहते हैं, उन्हें वाया ज्यौलीकोट मोटर मार्ग से गंतव्य हेतु भेजा जायेगा.
वीवीआईपी के गंत्वय स्थान पर पहुंचने के उपरान्त यातायात को सामान्य किया जाएगा.
वाहन पार्किंग व्यवस्था
उच्चाधिकारियों के वाहनों की पार्किंग घोड़ाखाल सैनिक स्कूल भोजनालय के पास स्थित मैदान मे की जायेगी.
जनता के वाहनों हेतु पार्किंग घोड़ाखाल मंदिर के पास स्थित मैदान में की जायेगी.
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके


