उत्तराखंड

रामनगर से पटना के बीच वाया लखनऊ नई एक्सप्रेस ट्रेन शीघ्र

उत्तराखण्ड
29 अगस्त 2026
रामनगर से पटना के बीच वाया लखनऊ नई एक्सप्रेस ट्रेन शीघ्र
रामनगर। बिहार और उत्तराखंड के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के रामनगर (नैनीताल) से पटना के बीच वाया लखनऊ नई एक्सप्रेस ट्रेन जल्द शुरू होने जा रही है। रेलवे से इस ट्रेन को मंजूरी देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है।
विगत दिवस रामनगर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं सांसद अनिल बलूनी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पटना के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे अधिकारियों के साथ इस संबंध में लगातार समन्वय किया जा रहा है और प्रस्ताव अब अंतिम स्वीकृति के चरण में है।
इस ट्रेन के शुरू होने से पटना समेत बिहार के यात्रियों के लिए नैनीताल और जिम कॉर्बेट क्षेत्र तक पहुंचना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा। इसी तरह उत्तराखंड के लोगों को शक्तिपीठ पटन देवी, पटना महावीर मंदिर, गोलघर, नालंदा दर्शन, पावापुरी, गया, बोध गया, विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर आदि जगह घूमना आसान हो जाएगा।
वर्तमान में इस रूट पर सीधी ट्रेन सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलकर यात्रा करनी पड़ती है।
नई ट्रेन से बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं उत्तराखंड और बिहार के बीच व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
अब सभी की नजर रेलवे की अंतिम मंजूरी और ट्रेन के आधिकारिक शेड्यूल पर टिकी है। मंजूरी मिलते ही बिहार से नैनीताल की यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *