रामनगर के रिसॉर्ट में संचालित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश, 52 लोगों गिरफ्तार
उत्तराखण्ड
5 जुलाई 2026
रामनगर के रिसॉर्ट में संचालित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश, 52 लोगों गिरफ्तार
रामनगर। रामनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया. मौके से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने का दावा किया गया है.
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने देर रात एक रिसॉर्ट पर छापेमार की कार्रवाई करते हुए कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम शामिल रही. पुलिस ने मौके से 52 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया है. पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिल रही थी. इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई, जहां से कई संदिग्ध लोग मिले.
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट के भीतर बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था. जांच के दौरान होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत भी सामने आई है. हालांकि, रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. रेस्क्यू की गई युवतियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4.30 बजे कोतवाली रामनगर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान स्वयं एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी करेंगे. प्रेस वार्ता में पुलिस कार्रवाई, बरामदगी, गिरफ्तार आरोपियों और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है. फिलहाल इस सनसनीखेज कार्रवाई के बाद पूरे रामनगर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच में जुटी हुई है.


