राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में अत्याधुनिक इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) लैब बनकर तैयार
उत्तराखण्ड
10 सितम्बर 2026
राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में अत्याधुनिक इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) लैब बनकर तैयार
काशीपुर। राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में अत्याधुनिक इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) लैब बनकर तैयार हो गई है। इसमें विद्यार्थियों ने नए-नए प्रयोग करके कई नमूने तैयार करके अपनी प्रतिभा का परिचय देना शुरू कर दिया है।
आईओटी लैब में इंटरनेट के माध्यम से मशीनों को आपस में जोड़ सकते हैं। इसमें एआई-इनविल्ट कैमरा, कोलेबोरेटिव रोबोटिक आर्म और 3डी प्रिंटिंग आदि वर्तमान तकनीकों पर प्रयोग की सुविधा की गई है। लैब में छात्र सेंसर, माइक्रो-कंट्रोलर, आर्डिनो, रास्पबेरी पाई, स्मार्ट होम ऑटोमेशन और इंडस्ट्रियल आदि से संबंधित प्रैक्टिस कर सकेंगे।
प्रधानाचार्य बीपी सिंह ने बताया कि अब छात्रों को सिर्फ थ्योरी नहीं, बल्कि लाइव प्रोजेक्ट जैसे ऑटोमेटिक लाइट सिस्टम, स्मार्ट एग्रीकल्चर, वेदर मॉनिटरिंग सिस्टम बनाना सिखाया जाएगा। इससे छात्रों को इंडस्ट्री में आईओटी बेस्ड मशीनों पर काम करने से पहले व्यवहारिक ज्ञान मिलेगा। इसमें एक साथ 30 छात्र-छात्राएं प्रयोग करने की क्षमता है। लैब में इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, केमिकल, केमिकल पेंट, इलेक्ट्रिकल्स, कृषि, फार्मेसी आदि दस ब्रांचों के प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा। लैब को तैयार करने में एक साल का समय लगा है।


