रविवार को रहा धनतेरस से बेहतर कारोबार
उत्तराखण्ड
20 अक्टूबर 2025
रविवार को रहा धनतेरस से बेहतर कारोबार
काशीपुर। धनतेरस के दूसरे दिन रविवार को भी बाजार में रौनक रही। मुख्य बाजार की दुकानों पर खरीदारी को ग्राहकों का तांता लगा रहा। ग्राहकों की चहल-पहल से दुकानदार खुश नजर आए। इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, सजावटी सामान, मिष्ठान, मेवे और कॉस्मेटिक्स आदि की दुकानों पर खूब कारोबार हुआ। शहर में धनतेरस के दूसरे दिन भी ऑटोमोबाइल का कारोबार शानदार रहा। शोरूम संचालकों के मुताबिक इस बार शनिवार को धनतेरस पड़ने के चलते ज्यादातर लोगों ने अगले दिन अपने वाहनों की डिलीवरी ली। रविवार को भी कार व बाइक के शोरूमों पर ग्राहकों का जमावड़ा लगा रहा। संचालकों ने बताया कि धनतेरस से बेहतर कारोबार रविवार को रहा।
दिवाली से पहले तमाम पूजन सामग्री महंगी हो गई है। खील की कीमत सामान्य दिनों में 70-80 रुपये प्रतिकिलो रहती है जबकि त्योहारी सीजन में 100- 120 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है। बताशा 80-90 रुपये के बजाए 100-120 रुपये किलो चल रहा है। आम तौर पर 40 रुपये की झाडू की कीमत भी बाजार में 50-90 रुपये तक हो गई है।


