मस्जिदों, चर्चों, मंदिरों से पुलिस ने उतरवाये लाउडस्पीकर, चैकिंग अभियान जारी
उत्तर प्रदेश
10 नवम्बर 2025
मस्जिदों, चर्चों, मंदिरों से पुलिस ने उतरवाये लाउडस्पीकर, चैकिंग अभियान जारी
मुरादाबाद। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए की गई।
पुलिस की पांच टीमों ने दिनभर नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक फैले मस्जिदों, चर्चों, मंदिरों और अन्य धर्मस्थलों की जांच की। चेकिंग के दौरान पाया गया कि कुल 162 धार्मिक स्थलों में लगे लाउडस्पीकरों में से 40 की ध्वनि निर्धारित मानक से अधिक थी।
पुलिस ने तत्काल प्रभाव से इनकी आवाज मानक स्तर पर कराई और संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में किसी भी हालत में दिशा-निर्देशों का उल्लंघन न किया जाए। एसएसआई मनोज कुमार ने बताया कि अब तक 20 अतिरिक्त लाउडस्पीकरों को सहमति से उतरवाया गया है।
सभी धार्मिक संस्थानों से सहयोग लिया जा रहा है ताकि कानून व्यवस्था और शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शेष बचे धर्मस्थलों की चेकिंग की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी धार्मिक स्थल पर निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस ने लोगों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बारे में जागरूक भी किया और अपील की कि धार्मिक आयोजनों में ध्वनि की सीमा का पालन कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।


