उत्तराखंड

पूर्वाेत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में 8वें वेतन आयोग के समक्ष रखी गई मांगों पर हुई चर्चा

उत्तराखण्ड
27 जुलाई 2026
पूर्वाेत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में 8वें वेतन आयोग के समक्ष रखी गई मांगों पर हुई चर्चा
काशीपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक रविवार को रेलवे स्कूल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने की। बैठक में पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए 8वें वेतन आयोग के समक्ष रखी गई मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के सचिव एस.एस. सिन्हा ने बताया कि पूर्वाेत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, गोरखपुर तथा भारत पेंशनर्स समाज के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पेंशनभोगियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 8वें वेतन आयोग को 35 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा है। उन्होंने बताया कि मांगपत्र में ओल्ड पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने, 65 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक पांच वर्ष पर अतिरिक्त पेंशन का लाभ दिए जाने, महंगाई के मद्देनजर अंतरिम राहत के रूप में महंगाई की किश्त जारी करने सहित अनेक महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग पेंशनर्स की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सुरेश शर्मा ने कहा कि पेंशनर्स के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए सभी संगठनों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। काशीपुर इकाई के अध्यक्ष एस.पी. गुप्ता, राजीव पाल तथा संजय राय ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बदलती आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए पेंशनभोगियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना समय की आवश्यकता है। बैठक के दौरान जुलाई माह में जन्मदिन वाले पांच पेंशनर्स, सुरेश शर्मा, राजकुमार, राजीव पाल, शिवप्रसाद एवं रामेश्वर का जन्मदिन भी हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सभी को तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित सदस्यों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर एस.सी. घोषाल, जे.पी. यादव, के.के. शर्मा, रहीश अहमद, एम.वाई. सिद्दीकी, संजय कुमार, एम.पी. सिंह, जे.के. शर्मा, सुरेश कुमार, जौहर अली, लालता प्रसाद, कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *