उत्तराखंड

पीरूमदारा में तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की जोरदार टक्कर

उत्तराखण्ड
6 अप्रैल 2026
पीरूमदारा में तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की जोरदार टक्कर
रामनगर। पीरूमदारा क्षेत्र में दो बाइकों की जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर घायल हो गए. बताया जा रहा है कि एक बाइक ने दूसरी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से हुई टक्कर में तीन युवक घायल हो गए. हादसा कुंदन स्वीट्स के पास नेशनल हाइवे 309 रामनगर-काशीपुर मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर हादसे की वजह बनी. मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार रोहित और राजेश, दोनों की उम्र करीब 17 वर्ष और निवासी मालधन क्षेत्र के रहने वाले हैं. दोनों देर शाम पीरूमदारा की ओर जा रहे थे. वहीं दूसरी बाइक पर सरताज उम्र 23 वर्ष, निवासी शक्तिनगर रामनगर अकेले सवार था.

घायल रोहित ने बताया कि वह ग्रीन फील्ड स्कूल पीरूमदारा से वॉलीबॉल खेलकर लौट रहा था और अपने दोस्त राजेश को छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सरताज ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े. घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया.

वहीं संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. हर्ष ने बताया कि तीनों घायलों का इलाज किया गया, जिसमें राजेश की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.वहीं रोहित और सरताज का इलाज अस्पताल में ही जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *