पांचों कैबिनेट मंत्रियों को मिला निजी स्टाफ
उत्तराखण्ड
20 मार्च 2026
पांचों कैबिनेट मंत्रियों को मिला निजी स्टाफ
देहरादून। उत्तराखंड कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार आज सोमवार को हो गया. राज्यपाल गुरमीत सिंह ने 5 बीजेपी विधायकों को लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. जो 5 विधायक मंत्री बने हैं उनमें राम सिंह कैड़ा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और मदन कौशिक शामिल हैं.

गोपाल नयाल होंगे मंत्री राम सिंह कैड़ा के निजी स्टाफ- भीमताल से विधायक और कैबिनेट विस्तार में मंत्री बने राम सिंह कैड़ा को निजी स्टाफ के रूप में गोपाल नयाल मिले हैं. गोपाल नयाल वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव हैं. अभी उनकी तैनाती सचिव वित्त डॉ वी षणमुगम के निजी स्टाफ में है. अब वो मंत्री राम सिंह कैड़ा के निजी स्टाफ होंगे.
हरीश कुमार होंगे मंत्री खजान दास से निजी स्टाफ- देहरादून जिले की राजपुर विधानसभा सीट से विधायक खजान दास को मंत्री बनने पर निजी स्टाफ के रूप में वरिष्ठ निजी सचिव हरीश कुमार मिले हैं. हरीश कुमार अभी तक अपर सचिव नियोजन विभाग वंदन के निजी स्टाफ में शामिल थे. अब नए मंत्री के निजी स्टाफ के रूप में वो अपनी सेवा देंगे.
विजय पाल होंगे मंत्री भरत चौधरी के निजी स्टाफ- रुद्रप्रयाग से विधायक और कैबिनेट विस्तार में मंत्री बने भरत चौधरी को भी निजी स्टाफ मिल गया है. वरिष्ठ निजी सचिव विजय पाल मंत्री भरत चौधरी के निजी स्टाफ होंगे. विजय पाल अभी तक अपर सचिव ऊर्जा मेहरबान सिंह बिष्ट के निजी स्टाफ थे. अब उन्हें नए मंत्री भरत चौधरी के निजी स्टाफ के रूप में काम करना होगा.
राजकुमार पाठक होंगे मंत्री प्रदीप बत्रा के निजी स्टाफ- हरिद्वार जिले की रुड़की विधानसभा सीट से विधायक और मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री बने प्रदीप बत्रा के निजी स्टाफ में राजकुमार पाठक निजी सचिव तैनात किए गए हैं. पाठक अभी तक अपर सचिव उत्तराखंड शासन झरना कमठान के निजी स्टाफ के रूप में काम कर रहे थे. अब वो नए मंत्री प्रदीप बत्रा के साथ काम करेंगे.
अमित कुमार होंगे मंत्री मदन कौशिक के निजी स्टाफर- हरिद्वार विधायक और पहले भी कैबिनेट मंत्री का अनुभव रखने वाले मदन कौशिक के निजी स्टाफ के रूप में अमित कुमार निजी सचिव कार्यरत रहेंगे. अमित कुमार अभी तक अपर सचिव वित्त हिमांशु खुराना के निजी स्टाफ के रूप में काम कर रहे थे.
मंत्रियों के निजी स्टाफ का कार्य- मंत्रियों के निजी स्टाफ का कार्य बहुत महत्वपूर्ण होता है. निजी स्टाफ मंत्री के रोजाना के प्रशासनिक कार्यों, बैठकों, पत्रा व्यवहार, फाइलों की देखरेख और मंत्री से मिलने वालों के कार्यक्रम तय करते हैं. निजी सचिव, सहायक और अन्य कर्मचारी, मंत्री और सरकारी विभागों के बीच एक चेन के रूप में काम करते हैं. इसी निजी स्टाफ की सहायता से मंत्री और उनके मंत्रालय के कार्य सुगमता से संपन्न होते हैं.


