उत्तराखंड

पर्यटकों ने प्रकृति के बीच नए साल का जश्न मनाया

उत्तराखण्ड
2 जनवरी 2026
पर्यटकों ने प्रकृति के बीच नए साल का जश्न मनाया
रामनगर। नए साल 2025 के पहले दिन कॉर्बेट नेशनल पार्क के नगर वन में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली. साल के पहले ही दिन हजारों की संख्या में पर्यटक नगर वन पहुंचे और प्रकृति के बीच नए साल का जश्न मनाया. सुबह से ही नगर वन के प्रवेश द्वार पर पर्यटकों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं. जिससे क्षेत्र में उत्साह और रौनक का माहौल बना रहा.

नगर वन में पहुंचे पर्यटकों ने बताया कि यह स्थान शहर के बेहद करीब होने के बावजूद घने जंगल, शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है. यहां न सिर्फ हरी-भरी वादियां और जंगल का अहसास मिलता है, बल्कि परिवार और बच्चों के लिए कई तरह की गतिविधियां भी उपलब्ध हैं. पर्यटकों का कहना था कि नगर वन में जंगल के अंदर पैदल भ्रमण, प्रकृति को नजदीक से देखने का अवसर और विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधों की जानकारी मिलती है, जो इसे खास बनाती है.

नगर वन में कई सुंदर वाटिकाएं विकसित की गई हैं, जहां लोग बैठकर प्राकृतिक नजारों का आनंद लेते नजर आए. इसके साथ ही बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, ट्रेकिंग पथ और नेचर ट्रेल जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. नए साल के मौके पर इन गतिविधियों ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया. कई पर्यटक परिवार पिकनिक मनाते हुए दिखाई दिए. वहीं युवा वर्ग ने जंगल के बीच फोटो और वीडियो बनाकर यादगार पल संजोए.

वन विभाग की ओर से पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह वनकर्मी तैनात रहे और लोगों को जंगल में स्वच्छता बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की गई. अधिकारियों ने बताया कि नगर वन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा रहा है, ताकि पर्यटक सुरक्षित और आरामदायक तरीके से प्रकृति का आनंद ले सकें.

पर्यटकों का कहना है कि नगर वन रामनगर और कॉर्बेट आने वाले सैलानियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनता जा रहा है. जहां कम समय में जंगल का अनुभव किया जा सकता है. नव वर्ष के पहले दिन नगर वन में उमड़ी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में यह स्थल पर्यटन के लिहाज से और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

बता दें कि नगर वन का प्रवेश शुल्क भी बहुत कम है. एक व्यक्ति प्रति शुल्क 20 रुपए लिया जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *