नानकमत्ता में हनीट्रैप का खुलासा
उत्तराखण्ड
17 मार्च 2026
नानकमत्ता में हनीट्रैप का खुलासा
रुद्रपुर: नानकमत्ता पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट, मारपीट और ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के 6 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया गया है.
फोन पर मीठी-मीठी बातें कर फंसाया: पुलिस के मुताबिक, बीती 14 मार्च की रात गिरोह के सदस्यों ने एक व्यक्ति को सुनियोजित तरीके से अपने जाल में फंसाया. महिला आरोपियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़ित से बातचीत कर उसे अपने विश्वास में लिया और मिलने के बहाने नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छी झाला इलाके में बुला लिया. जब पीड़ित अपनी हुंडई आई 10 कार से मौके पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने उसे घेर लिया.
कपड़े उतरवाकर महिलाओं के साथ बनवाए अश्लील वीडियो: इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को कार से उतारकर भड़ाभुड़िया क्षेत्र स्थित एक घर में बंधक बना लिया. वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके कपड़े उतरवाकर महिलाओं के साथ अश्लील वीडियो बनाया गया. आरोपियों ने वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने की योजना बनाई. इस दौरान उन्होंने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली.
दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार: घटना की जानकारी मिलने के बाद नानकमत्ता पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. 15 मार्च को उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर डैम बंदे क्षेत्र में घेराबंदी की. इसी दौरान सामने से आती एक हुंडई आई 10 कार को रोककर जांच की गई, जिसमें दो पुरुष तारा सिंह और राजेंद्र सिंह उर्फ राजू समेत दो महिलाएं सवार थीं. पीड़ित की ओर से पहचान करने पर चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.


