उत्तराखंड

नगर निगम के कर्मचारी बन घर में घुसे बदमाश

सिद्धार्थ राजपूत – व्यूरोचीफ देहरादून
उत्तराखण्ड
21 जुलाई 2026
नगर निगम के कर्मचारी बन घर में घुसे बदमाश
देहरादून। राजधानी देहरादून से बड़ी खबर सामने आई है. रायपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से लूट की गई थी. इस मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पुलिस ने लूट की शत-प्रतिशत संपत्ति भी बरामद कर ली है.

गिरफ्तार आरोपियों में एक पीड़ित महिला के मोहल्ले का ही रहने वाला है, जिसे इस बात की जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती हैं. साथ ही दोनों आरोपी नगर निगम के कर्मचारी बताकर महिला के घर घुसे थे. पुलिस के मुताबिक, गढ़वाली कॉलोनी निवासी गीता काला ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 19 जुलाई की दोपहर दो बजे से ढाई बजे के बीच उनकी मां भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली थीं. इसी दौरान दो युवक खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताकर घर में घुस गए.

आरोप है कि दोनों ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की, उन्हें बंधक बनाया और सोने के कुंडल, अंगूठी, तीन हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए. इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना रायपुर में टीम का गठन किया है. पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. सदिग्धों की पहचान होने के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार तलाश की गई.
उसके बाद आज 20 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीक्यूआई जंगल रायपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों सागर सिंह रावत और अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल,अंगूठी, मोबाइल फोन और तीन हजार रुपए नकद बरामद किए गए.

एसपी देहात जया बलूनी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों प्लंबर का काम करते हैं और नशे के आदी हैं. मुख्य आरोपी सागर सिंह पीड़ित महिला के मोहल्ले में रहता है और उसे मालूम था कि बुजुर्ग महिला अक्सर घर में अकेली रहती हैं. इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए दोनों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर सफाई व्यवस्था जांचने के बहाने घर में प्रवेश किया और लूट की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी लूट का सामान बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *