उत्तराखंड

दवा व्यापारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद में लिया हिस्सा

उत्तराखण्ड
21 मई 2026
दवा व्यापारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद में लिया हिस्सा
काशीपुर । नगर में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी के आह्वान पर बुधवार को काशीपुर में दवा व्यापारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद में हिस्सा लिया। इस दौरान शहर के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे और दवा व्यापारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। हालांकि मरीजों की परेशानी को देखते हुए शहर के छह मेडिकल स्टोरों को इमरजेंसी सेवाओं के लिए खुला रखा गया।

काशीपुर नगर इकाई के सचिव योगेश बिश्नोई ने बताया कि राष्ट्रव्यापी बंद का मुख्य उद्देश्य सरकार का ध्यान दवा व्यापारियों की तीन प्रमुख मांगों की ओर खींचना है-
अवैध ई-फार्मेसी पर रोक- ऑनलाइन दवा बिक्री को तुरंत बंद किया जाए।
प्रीडेटरी मूल्य निर्धारण पर रोक- बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा लागत से कम कीमत पर दवा बेचने की नीति को खत्म किया जाए।
जीएसआर अधिसूचना की वापसी- सरकार द्वारा जारी नई जीएसआर अधिसूचना को वापस लिया जाए।

योगेश बिश्नोई ने कहा कि ई-फार्मेसी को बंद करना सबसे प्रमुख मांग है। ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर दवाएं बेच रही हैं जिससे छोटे केमिस्टों का व्यापार चौपट हो रहा है। ऑनलाइन बिक्री में दवाओं की गुणवत्ता और मरीज की सुरक्षा से भी समझौता होता है, क्योंकि बिना डॉक्टर के पर्चे के भी दवाएं आसानी से मिल जाती हैं।

संगठन ने बताया कि बंद के दौरान इमरजेंसी में किसी मरीज को दिक्कत न हो, इसलिए शहर के 6 मेडिकल स्टोरों को खुला रखा गया था। इससे गंभीर मरीजों को जरूरी दवाएं मिल सकीं।

प्रदर्शन के दौरान नूतन शंकर नागर, नपेंद्र चौहान, दीपक अग्रवाल, पूरन सिंह गोले, आशीष अग्रवाल, राजेश बाली, संजय ठाकुर, ज्योति मिगलावी, शिवम अग्रवाल, हाजी रईस अहमद समेत बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि केमिस्टों के हितों की अनदेखी बंद कर जल्द ठोस कदम उठाए जाएं, वरना आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *