दवा व्यापारियो ने किया एक दिन के बन्द का आह्वान
उत्तराखण्ड
18 मई 2026
दवा व्यापारियो ने किया एक दिन के बन्द का आह्वान
काशीपुर। नगर में दवा व्यापारियों ने एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बन्द का आह्वान करने हेतु कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) ने एसडीएम अभय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा है। सोसाइटी के सचिव योगेश विश्नोई ने बताया कि अवैध ई-फार्मेसी संचालन एवं 28 अगस्त 2018 की अधिसूचना जीएसआर 817 ई की वापसी, बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा प्रीडेटरी मूल्य निर्धारण, जीएसआर 2020 ई 26 मार्च 2020 अधिसूचना की वापसी, अवैध ई फार्मेसियों की अनियंत्रित वृद्धि तथा बड़े कॉर्पाेरेट्स द्वारा प्रेडेटरी मूल्य निर्धारण की प्रवृत्तियां स्थापित औषधि वितरण प्रणाली को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही हैं। ये परिस्थितियां न केवल छोटे एवं मध्यम केमिस्ट्स के अस्तित्व के लिए खतरा हैं बल्कि कई कारणों से जन स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर जोखिम उत्पन्न करती हैं। वैध चिकित्सकीय पर्चे के बिना दवाओं की बिक्री, प्रिस्क्रिप्शन (पर्चों) का बार-बार दुरुपयोग, एंटीबायोटिक्स एवं आदत (हैबिट फॉर्मिंग) बनाने वाली दवाओं की आसान उपलब्धता, नकली अथवा सत्यापन योग्य न होने वाले प्रिस्क्रिप्शन पर्चों का प्रचलन, फार्मासिस्ट एवं रोगी के बीच प्रत्यक्ष संवाद का अभाव, विभिन्न नयायिक क्षेत्रों में कमजोर नियामक नियंत्रण, नकली एवं अनुचित भंडार वाली दबाव का जोखिम, एंटीमाइक्रोबियल रेजीस्टैंस एएमआर का बढ़ता खतरा आदि मांगों को लेकर 20 मई को एक दिवसीय प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बंद को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है। इस दौरान दीपक अग्रवाल, पंकज मदान, सुरेंद्र मिगलानी, हाजी रईस अहमद, नृपेंद्र सिंह चौहान, नूतन शंकर नागर, अमित कक्कड़ आदि दवा व्यापारी थे।


