जंगल सफारी से लौट रही पांच जिप्सियां नालों में आए तेज उफान के कारण खारा गेट के पास फंसी
उत्तराखण्ड
6 अगस्त 2026
जंगल सफारी से लौट रही पांच जिप्सियां नालों में आए तेज उफान के कारण खारा गेट के पास फंसी
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में भी देखने को मिला. मंगलवार शाम अचानक बरसाती नालों में आए तेज उफान के कारण जंगल सफारी से लौट रही पांच जिप्सियां खारा गेट के पास फंस गईं. इनमें तीन विदेशी नागरिकों समेत 20 पर्यटक सवार थे. करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. एहतियात के तौर पर बुधवार सुबह ढेला और झिरना पर्यटन जोन की सफारी भी स्थगित कर दी गई.
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर अब विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में भी देखने को मिला. मंगलवार शाम अचानक हुई मूसलाधार बारिश के बाद जंगल के बरसाती नाले उफान पर आ गए. जिससे जंगल सफारी से लौट रही पांच जिप्सियां खारा गेट के पास फंस गईं. इन जिप्सियों में तीन विदेशी पर्यटकों सहित कुल 20 पर्यटक, गाइड और चालक मौजूद थे.
मंगलवार शाम की पाली में पर्यटक ढेला और झिरना पर्यटन जोन में सफारी के लिए गए थे. शाम करीब पांच बजे तेज बारिश शुरू हुई. जिसके बाद शांत दिख रहे बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. शाम करीब साढ़े छह बजे जब पर्यटक सफारी पूरी कर वापस लौट रहे थे, तब खारा गेट के पास स्थित नाले का बहाव इतना तेज हो गया कि पांचों जिप्सियां वहीं रुक गईं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन कर्मियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किसी भी वाहन को जबरन नाला पार नहीं कराया जाएगा.
सूचना मिलते ही वन दरोगा नवीन पपनै के नेतृत्व में लगभग दस वन कर्मियों की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो सरकारी वाहनों और टोचन उपकरण के साथ मौके पर पहुंची. हालांकि तेज बहाव के कारण तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं था. टीम लगातार मौके पर डटी रही. जैसे ही रात करीब नौ बजे पानी का बहाव कम हुआ, ट्रैक्टर की मदद से एक-एक कर सभी जिप्सियों को सुरक्षित नाला पार कराया गया.
इस दौरान पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर रोका गया. पूरी सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया गया. सभी पर्यटक, गाइड और चालक पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं.
शाम छह बजे से पहले नाला पार कर चुके तीन अन्य जिप्सी चालक और पर्यटक भी आगे ढेला नाले में बढ़े जलस्तर के कारण रास्ते में फंस गए थे. पानी का बहाव कम होने के बाद वे भी देर रात करीब साढ़े नौ बजे सुरक्षित रामनगर पहुंच सके. लगातार हो रही बारिश और बरसाती नालों के बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग ने एहतियातन बुधवार सुबह की पाली में ढेला और झिरना पर्यटन जोन में जंगल सफारी स्थगित कर दी. अधिकारियों ने पर्यटकों से मौसम और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.


