उत्तराखंड

घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचे – जिला पूर्ति अधिकारी

उत्तराखण्ड
12 मार्च 2026
घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचे – जिला पूर्ति अधिकारी
रुद्रपुर। जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद में संचालित सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा इसकी आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। किसी भी प्रकार की कमी या बाधा की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर गैस की उपलब्धता को लेकर अफवाहें फैलने के कारण एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ देखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है, इसलिए उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाने से बचना चाहिए।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सिंगल सिलेंडर कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिनों का अंतराल निर्धारित किया गया है, जबकि डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडर की रीफिलिंग 30 दिन की अवधि पूर्ण होने के बाद ही बुक की जा सकती है। उपभोक्ताओं से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित समयावधि का पालन करते हुए ही गैस बुकिंग कराएं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि गैस सिलेंडर की रीफिलिंग केवल फोन अथवा ऑनलाइन माध्यम से की गई बुकिंग के आधार पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। बुकिंग के पश्चात उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी पर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उन्हें अपने घर पर डिलीवरी मैन के माध्यम से ही गैस सिलेंडर प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त रुद्रपुर एवं काशीपुर क्षेत्र के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे गैस की सुचारू एवं निर्बाध आपूर्ति के लिए यथासंभव पाइप्ड नेचुरल गैस  कनेक्शन हेतु आवेदन करें। संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा आवेदन किए जाने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा तथा नियमित रूप से पीएनजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों की शिकायत उपभोक्ता निम्नलिखित दूरभाष नंबरों पर दर्ज करा सकते हैंकृ
आपदा कंट्रोल रूम – 05944-250250, 05944-250500
एलपीजी शिकायत टोल फ्री नंबर- 18002333555
वहीं गैस पाइपलाइन कनेक्शन से संबंधित जानकारी या आवेदन के लिए निम्नलिखित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता हैकृ
श्री कुश गर्ग – 7206413402
श्री रोहित – 7978216113
श्री सचिन कश्यप – 9084897398
श्री दीपक नेगी – 9997362038

जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने जनपद के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि पूर्ण होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें तथा गैस एजेंसियों पर अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित न करें। प्रशासन द्वारा जनपद में एलपीजी की आपूर्ति को पूरी तरह व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *