गदरपुर में धोखाधड़ी कर सरकारी जमीन बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार
उत्तराखण्ड
11 दिसम्बर 2025
गदरपुर में धोखाधड़ी कर सरकारी जमीन बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार
रुद्रपुर। सरकारी भूमि को खुर्दबुर्द कर 10 रुपए के स्टांप पर बेचने के मामले में उधम सिंह नगर की गदरपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने गदरपुर के हरिपुर जलाशय के पास सिंचाई विभाग की भूमि को खुद की बता कर 6 लोगों को 10-10 रुपए के स्टांप पर बेचा था. पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी हुई है.
सरकारी भूमि को 10 रुपए के स्टांप पर बेचने के मामले में सिंचाई विभाग के अधिकारी की तहरीर पर गदरपुर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है. दरअसल, 8 दिसंबर को हरिपुरा जलाशय के समीप ठंडा नाला, गूलरभोज क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सिंचाई विभाग के नियन्त्राणीन वन भूमि में अतिक्रमणकारियों के चिन्हीकरण की कार्रवाई की गई.
चिन्हीकरण के दौरान टीम को अतिक्रमणकारियों ने बताया ने बताया कि उक्त भूमि को उन्होंने असगर अली पुत्र लाहोरी शाह, निवासी गूलरभोज, थाना गदरपुर, उधम सिंह नगर से खरीदा है. स्टांप चेक करने पर प्रकाश में आया था कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी भूमि को अपना बता कर लोगों को बेच दी थी. जिसके बाद एडीएम कोस्तुभ मिश्रा के निर्देश पर सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता तृतीय सिंचाई खंड, पंकज ढौंडियाल की तहरीर पर गदरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को ठंडा नाला से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी हुई है.


