उत्तराखंड

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में हाथी के साथ फोटो लेना पड़ा भारी

उत्तराखण्ड
9 फरवरी 2026
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में हाथी के साथ फोटो लेना पड़ा भारी
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में वन्यजीवों के प्रति लापरवाही एक बार फिर सामने आई है. जंगल से निकलकर सड़क पर पहुंचे एक टस्कर हाथी के साथ दो बाइक सवार युवकों द्वारा फोटो और वीडियो बनाना खतरनाक साबित हो सकता था. यह पूरी घटना वहां मौजूद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

ढेला रेंज की सड़क पर एक हाथी जंगल से निकलकर कुछ देर तक खड़ा रहा. इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दो युवक हाथी को देखकर रुक गए और उसके काफी नजदीक जाकर फोटो व वीडियो बनाने लगे. आसपास मौजूद लोग युवकों को हाथी से दूरी बनाए रखने और उसे परेशान न करने की लगातार चेतावनी दे रहे थे. इसके बावजूद दोनों युवक नहीं माने और हाथी के बेहद करीब पहुंचते रहे. लगातार छेड़छाड़ और नजदीकी गतिविधियों से हाथी अचानक आक्रामक हो गया. गुस्साए टस्कर ने चिंघाड़ते हुए बाइक सवार युवकों की ओर दौड़ लगा दी और कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया. गनीमत रही कि दोनों युवक समय रहते बाइक लेकर वहां से भाग निकले, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. यदि जरा सी भी चूक होती तो यह घटना गंभीर जानमाल के नुकसान में बदल सकती थी.

इस घटना के सामने आने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो अधिवक्ता मदन मेहता द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया गया, जिसके बाद लोगों के बीच इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. अधिकांश लोग इसे वन्यजीव सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही का उदाहरण बता रहे हैं. मामले पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के एसडीओ अमित ग्वासिकोटी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा की दृष्टि से सड़क के दोनों ओर यातायात को तुरंत रोक दिया गया. जब हाथी जंगल की ओर वापस चला गया, तब जाकर यातायात को पुनः सुचारू किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *