काशीपुर में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू, पुलिस मुस्तैद
उत्तराखण्ड
29 सितम्बर 2026
काशीपुर में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू, पुलिस मुस्तैद
काशीपुर। काशीपुर के राधे हरि डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया। मतदान शुरू होते ही कॉलेज परिसर में चुनावी हलचल तेज हो गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। मुख्य गेट पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि बाहर आने-जाने वाले वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई।
मतदान केंद्र में प्रवेश को लेकर कॉलेज प्रशासन ने सख्ती बरती। बिना आईकार्ड किसी भी छात्र-छात्रा को भीतर नहीं जाने दिया गया। गेट पर तैनात शिक्षक एक-एक छात्र का आईकार्ड जांचने के बाद ही प्रवेश दे रहे थे, जिससे मतदान स्थल पर व्यवस्था बनी रही।
सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया। छात्र-छात्राएं कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। मतदान शुरू होने के बाद कॉलेज परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था के चलते मतदान केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ और बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।


