उत्तराखंड

काशीपुर: तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत

उत्तराखण्ड
17 मार्च 2026
काशीपुर: तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत
काशीपुर । नगर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत व युवती की बुआ गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार न्यू आवास-विकास एलआईसी दफ्तर के पास रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक खूब राम की इकलौती बेटी नेहा चौहान (28) अपनी बुआ नीलम चौहान (33) के साथ सोमवार दोपहर रामनगर रोड स्थित एक होटल में गई थी। वहां से लौटते समय रामनगर रोड पर निर्माणाधीन आरओबी के पास स्थित एक निजी अस्पताल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से स्कूटी सवार नेहा और नीलम सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद कार चालक ने भागने के प्रयास में नेहा चौहान के पेट और उसकी बुआ नीलम चौहान के पैर के ऊपर से कार निकाल दी। हादसे में नेहा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटनास्थल के पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं बताया जा रहा है कार चालक भागने के प्रयास में निर्माणाधीन आरओबी से टकरा गया। चालक आशाराम पुत्र रामेश्वरदयाल निवासी आर0 के 0 पुरम थाना काशीपुर हाल प्रधानाचार्य ढिकुली जनपद रामनगर तथा कार सवार आयषु निवासी काननूगोयान काशीपुर को भी चोट आई। सभी घायलों का इलाज प्राइम अस्पताल काशीपुर मे चल रहा है दोनों वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार उक्त प्रकरण में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करने की बात की है।

उधर एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे मृतका के भाई एवं तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्यालय इंटर कॉलेज में कंप्यूटर के शिक्षक प्रशांत चौहान ने बताया कि नेहा वर्तमान में टीचिंग की पढ़ाई कर रही थी। उन्होंने बताया कि परिवार बहन के रिश्ते की तैयारी में लगा था। हादसे से मृतका की माता सरोज देवी और पिता खूब राम और भाई प्रशांत का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर पुलिस ने हादसे का कारण बनी कार को कब्जे में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *