औषधि विभाग की छापेमारी, मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप
उत्तराखण्ड
10 मार्च 2026
औषधि विभाग की छापेमारी, मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप
रामनगर। रामनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में औषधि विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोरों पर अचानक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की. विभाग की टीम के पहुंचते ही कई मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया. कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए. छापेमारी के दौरान तीन मेडिकल स्टोरों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं.
औषधि विभाग की टीम ने रामनगर नगर क्षेत्र तथा रामनगर के ग्राम गौजानी में कई मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दवाओं के रख-रखाव, लाइसेंस, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई. जांच के दौरान तीन मेडिकल स्टोरों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है. रामनगर की औषधि निरीक्षक डॉ. अर्चना उप्रेती ने बताया कि विभाग द्वारा बीते दिन नगर क्षेत्र और ग्राम गौजानी में संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की गई.
इस दौरान कुल तीन मेडिकल स्टोरों की जांच की गई, जिनमें से एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद करने की कार्रवाई की गई है.उन्होंने बताया कि दो अन्य मेडिकल स्टोरों में भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं. इन मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं. यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी.
औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान मेडिकल स्टोरों से कुछ दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं. इन सैंपलों को गुणवत्ता जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर संचालक अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए. ऐसे मेडिकल स्टोरों को भी चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ जल्द ही विशेष छापेमारी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी.
डॉ. अर्चना उप्रेती ने कहा कि जिले में अवैध रूप से दवाओं की बिक्री, बिना लाइसेंस संचालन और नियमों के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि औषधि विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध हो सकें.


