उत्तराखंड

एक व्यक्ति के खाते से दो लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी

उत्तराखण्ड
7 मार्च 2026
एक व्यक्ति के खाते से दो लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी
रुद्रपुर। रुद्रपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है. ठगों ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति के खाते से दो लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली. पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रुद्रपुर से शख्स से हुई साइबर ठगीरू रुद्रपुर में साइबर अपराधियों द्वारा ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर व्यक्ति के साथ दो लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटना हुई है. पीड़ित ने इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़ित ने अपनी तहरीर में बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है और वह अपने मोबाइल फोन पर पीएनबी वन एप का उपयोग करते हैं. उन्होंने बताया कि 27 फरवरी और 28 फरवरी को जब उन्होंने अपने मोबाइल में पीएनबी वन एप खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुल पाया. इसके बाद 1 मार्च को उन्होंने गूगल पर पीएनबी कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया, जहां उन्हें नंबर मिला.

पीड़ित ने बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल नंबर से उक्त नंबर पर कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताया. पीड़ित ने उसे असली कर्मचारी समझकर अपनी समस्या बताई. इसके बाद उस व्यक्ति ने पीड़ित के व्हाट्सएप नंबर पर एक पीएनबी वन नाम की ।च्ज्ञ फाइल भेजी और उसे अपने फोन में डाउनलोड करने तथा बैंक की जानकारी भरने के लिए कहा.

पीड़ित ने बताए अनुसार एप डाउनलोड कर उसमें अपनी बैंक संबंधी जानकारी भर दी. जैसे ही उन्होंने एप में अपनी बैंक डिटेल डाली, उनका फोन हैक हो गया. इसके तुरंत बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 25-25 हजार रुपये के आठ ट्रांजेक्शन कर कुल दो लाख रुपये निकाल लिए गए.

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई. साथ ही उन्होंने बैंक स्टेटमेंट और व्हाट्सएप व कॉल के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराए हैं.

इस मामले में साइबर क्राइम कंट्रोल इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

साइबर क्राइम कंट्रोल पुलिस के इंस्पेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. इसलिए लोगों को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है. किसी भी अनजान लिंक, एप, वीडियो कॉल या मैसेज को बिना जांचे-परखे ओपन न करें. यदि किसी के साथ इस तरह की घटना होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *