अब नगर निगम जल्द को मिलेगा एक नए स्वरूप, 5.74 करोड़ रुपए का बजट जारी
उत्तराखण्ड
22 मार्च 2026
अब नगर निगम जल्द को मिलेगा एक नए स्वरूप, 5.74 करोड़ रुपए का बजट जारी
रुद्रपुर। नगर निगम जल्द ही एक नए स्वरूप में नजर आएगा. जिसके तहत पुराने जर्जर भवन की जगह अब एक आधुनिक और हाईटेक बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए सरकार ने 15.74 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी है. जिससे शहर की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
रुद्रपुर शहर के विकास को एक नई दिशा देने के लिए नगर निगम को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन मिलने जा रहा है. लंबे समय से जर्जर हालत में संचालित हो रहे नगर निगम कार्यालयों को अब एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और हाईटेक परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा. इसके लिए शासन ने 15.74 करोड़ रुपए का बजट जारी कर दिया है.
रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है. इसी कड़ी में रुद्रपुर नगर निगम के नए भवन के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई थी. अब इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
प्रस्तावित भवन तीन मंजिला होगा और इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. इसमें ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल के अलावा टैरेस पर एक विशाल हॉल का निर्माण भी किया जाएगा. भवन में स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिससे कर्मचारियों और आम लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही आधुनिक रिसेप्शन, वेटिंग एरिया, टैक्स कलेक्शन काउंटर और स्टोर रूम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
भवन के ग्राउंड और प्रथम तल पर नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे, जिससे सभी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी. वहीं, द्वितीय तल और टैरेस पर बने हॉल का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों और अन्य कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा, जिससे नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा.
इस भवन का डिजाइन विशेष रूप से उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और जलवायु को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. पूरी इमारत भूकंपरोधी तकनीक पर आधारित होगी, जिससे यह सुरक्षित और टिकाऊ बनेगी.
नए भवन के निर्माण से न केवल नगर निगम की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी, बल्कि आम जनता को भी बेहतर, तेज और सुगम सेवाएं मिल सकेंगी. यह परियोजना रुद्रपुर शहर के आधुनिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.


