अब घर बैठे मिलेगी ऑटो और एंबुलेंस सुविधा
उत्तराखण्ड
13 अक्टूबर 2025
अब घर बैठे मिलेगी ऑटो और एंबुलेंस सुविधा
रामनगर। विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क के कारण अपनी अलग पहचान रखने वाले रामनगर में रविवार को एक नई और जनहित से जुड़ी डिजिटल पहल की गई. अब यहां के लोगों और पर्यटकों को घर बैठे ऑटो और एंबुलेंस सेवा मिलेगी. इस सुविधा के लिए श्हिटो हिट ऐपश् का शुभारंभ किया गया, जो उत्तराखंड सरकार से पंजीकृत है.
कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पांडे की ओर से किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत और राज्य आंदोलनकारी एवं समाजसेवी प्रभात ध्यानी मौजूद रहे. कार्यक्रम में ऐप के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और इसके संचालन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई.
आयोजक दीप चंद्र पांडे ने बताया कि हिटो हिट ऐप पूरी तरह से लोकल सर्विस और पारदर्शिता पर आधारित है. इसके जरिए अब रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी घर बैठे ऑटो बुक कर सकेंगे. साथ ही कॉर्बेट घूमने आने वाले सैलानियों को भी अब स्थानीय परिवहन सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. उन्होंने बताया कि ऐप में शामिल सभी ऑटो चालकों का पूरा विवरण और सत्यापन रिकॉर्ड भी विभागीय मानकों के अनुसार अपडेट किया गया है.
उन्होंने कहा कि ऐप में एंबुलेंस सुविधा भी जोड़ी गई है, जो शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी उपलब्ध होगी. पांडे ने बताया कि अक्सर गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाती, जिससे कई बार जान बचाना मुश्किल हो जाता है. इस स्थिति को देखते हुए यह ऐप बेहद जरूरी और उपयोगी कदम साबित होगा.
दीप चंद्र पांडे ने कहा कि यह सेवा आम जनता को सरकारी मानकों के अनुसार तय किराए पर मिलेगी. किसी भी व्यक्ति से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह यूजर-फ्रेंडली और सुरक्षित दोनों हैं. इसके माध्यम से उपयोगकर्ता अपने नजदीकी ऑटो या एंबुलेंस चालक से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
मुख्य अतिथि गणेश रावत ने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया और स्मार्ट सिटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात ध्यानी ने कहा कि यह ऐप रामनगर जैसे टूरिस्ट हब के लिए एक जरूरी व्यवस्था है. जिससे सैलानियों की यात्रा और भी आसान और सुरक्षित होगी


