कोलकाता सहित दार्जिलिंग, सिक्किम व नेपाल में हिली धरती
27 फरवरी 2026
कोलकाता सहित दार्जिलिंग, सिक्किम व नेपाल में हिली धरती
हैदराबाद। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के अलावा दार्जिलिंग, सिक्किम व नेपाल में शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए. कोलकाता और आसपास के कुछ जिलों में एकबार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. आज दोपहर 1 बजकर 22 मिनट पर भूकंप का झटका महसूस किया गया. यहां पर 52 सेकंड में कुल तीन झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर झटके की तीव्रता 5 थी.
बताया जाता है कि भूकंप के झटके आने के बाद नबन्ना और पश्चिम बंगाल विधानसभा को खाली करा लिया गया है. वहीं कई लोग दहशत में सड़कों पर निकल आए. कई इलाकों में रहने वालों ने कहा कि झटकों के दौरान छत के पंखे हिले, फर्नीचर हिले और खिड़कियां खड़खड़ाईं, और इसका असर बहुमंजिला इमारतों में ज़्यादा महसूस किया गया.
इसी तरह दार्जिलिंग में सुबह 2.5 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया. भूकंप की तीव्रता अधिक नहीं थी, लेकिन घबराहट में लोग घरों से बाहर निकल आए. भूकंप का केंद्र सिक्किम बताया जा रहा है.
वहीं फरवरी के आखिर में सिक्किम में कई भूकंप और झटकों से दहशत फैल गई है, गुरुवार और शुक्रवार की सुबह कई झटके महसूस किए गए. सिक्किम में आज सुबह करीब 4रू10 बजे 3.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक कई लोगों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तेज़ झटके महसूस करने की बात कही. हाल के दिनों में, सिक्किम में, खासकर पश्चिम सिक्किम में, अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. बार-बार झटकों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है.
कल ही, सिक्किम में चार अलग-अलग भूकंप आए, जिससे डर और चिंता और बढ़ गई. हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई तुरंत रिपोर्ट नहीं मिली है.
इस बीच, कल के भूकंप के कारण गंग्याप स्कूल और गेरेथांग स्कूल में इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचने की खबर है. अधिकारी हालात का जायज़ा ले रहे हैं, और लोगों को अलर्ट रहने और आगे और झटके आने पर सुरक्षा गाइडलाइंस मानने की सलाह दी गई है


