उत्तराखंड

हल्द्वानी में डबल मर्डर वारदात से मचा हड़कम्प

उत्तराखण्ड
12 फरवरी 2026
हल्द्वानी में डबल मर्डर वारदात से मचा हड़कम्प
हल्द्वानी। हल्द्वानी में डबल मर्डर वारदात से सनसनी फैल गई है. गल्ला मंडी में एक युवक और एक युवती के शव बरामद मिले हैं. दोनों की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है.

युवक और युवती के शव हल्द्वानी मंडी परिसर के अंदर मिले हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ और कोतवाल सहित भारी पुलिस बल मौजूद है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल दोनों में से युवक की शिनाख्त हो गई है जबकि युवती की शिनाख्त में भी पुलिस जुटी है.

युवक और युवती के शव जिसने भी देखे उनका दिल दहल गया. हत्यारों ने बड़ी ही बेरहमी से उनके सिर कुचल दिए थे. सिर इस कदर कुचले हुए हैं, कि चेहरे देखकर उनकी पहचान करना बड़ा ही मुश्किल लग रहा था.

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह श्रमिक मंडी इलाके में काम करने पहुंचे थे. उन्होंने ही सबसे पहले दोनों के शव देखे थे. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए. पुलिस ने पूरे परिसर की बेरीकेडिंग कर दी है, ताकि कोई भी सबूत से छेड़छाड़ नहीं कर सके.

पुलिस के अनुसार युवती की उम्र प्रारंभिक तौर पर करीब 21-22 साल लग रही है. युवक 30 साल का है. पुलिस के अनुसार युवक की जेब से अल्मोड़ा जिले की एक आईडी मिली है. इस आईडी के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई है. युवती के शव से कोई ऐसी चीज नहीं मिली है, जो शिनाख्त में मददगार साबित हो सके.

गौरतलब है कि कल गुरुवार को ही उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में तिब्बती बाजार में रिटायर्ड कर्नल के बेटे जो गैस एजेंसी संचालक था की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हालांकि पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही हत्या करने वाले आरोपियों का एनकाउंटर कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. अब हल्द्वानी में युवक-युवती के डबल मर्डर की मिस्ट्री सुलझाना नैनीताल पुलिस के लिए चुनौती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *