उत्तराखंड

काशीपुर: सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत, 12 टायरा ट्रक को किया आग के हवाले

उत्तराखण्ड
9 फरवरी 2026
काशीपुर: सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत, 12 टायरा ट्रक को किया आग के हवाले
काशीपुर। काशीपुर में एक सड़क हादसे के बाद बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. जिससे लोग आक्रोशित हो गए. गुस्साए लोगों ने खनन सामग्री से लदे 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है.

गौर हो कि उधम सिंह नगर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. वहीं सड़क हादसे में एक और बाइक सवार की मौत हो गई है. घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया. बताते चलें कि काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक गांव निवासी जयपाल सिंह ( उम्र करीब 60 वर्ष) सुबह अपने घर से बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकला था. घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए. मृतक की पहचान होते ही इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया.

गुस्साए लोगों ने हादसे के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रक  को आग के हवाले कर दिया. देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस समेत काशीपुर कोतवाली से भारी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया और आग पर काबू करने के लिए दमकल विभाग को भी बुलाया गया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक मृतक जयपाल सिंह दूध का कारोबार करता था. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार यानि आज सुबह 8.30 बजे के आसपास हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *