तमंचे के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
उत्तराखण्ड
30 जनवरी 2026
तमंचे के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। तमंचे के बल पर परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलभट्टा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी से एक तमंचा और 26 हजार की नगदी बरामद हुई है. वहीं, अन्य फरार दो आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी हुई है.
उधम सिंह नगर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में परिवार को घर के कमरे में बंधक बना कर लूट की वारदात का थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से एक तमंचा दो कारतूस और 26,500 कैश बरामद हुआ है.
आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है. जबकि, घटना में शामिल दो आरोपी फरार चल रहे हैं. आरोपी ने अपने अन्य दो साथियों के साथ 21/22 जनवरी की रात में पुलभट्टा के बरा में एक मूंगफली के होलसेल व्यापारी के घर लूट की घटना को अंजाम दिया था.
उधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 22 जनवरी की सुबह पीड़ित नरेश कुमार निवासी बरा, पुलभट्टा ने एक तहरीर दी थी. जिसमें उन्होंने बताया कि देर रात तीन नकाबपोश बदमाश पीछे से खिड़की तोड़ घर में घुसे और तमंचे के बल पर उसके पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया.
इस दौरान आरोपियों ने अलमारी में रखी नगदी और ज्वेलरी में हाथ साफ कर दिया. जैसे-तैसे उसने कमरे का दरवाजा तोड़ अपने और परिवार को आजाद कराया. सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलभट्टा थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया.
वहीं, एसएसपी मिश्रा के निर्देश पर पुलिस की टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ कर आरोपियों को चिह्नित किया. आरोपियों की तलाश में जुटी टीम ने दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश संभावित स्थानों पर दबिश दी.
बरेली क्षेत्र से तमंचे के साथ आरोपी इस्लाम गिरफ्ताररू साथ ही मुखबिरों को भी एक्टिव किया. मुखबिर की सूचना पर 29 जनवरी को आरोपी इस्लाम निवासी लोहार नगला, फतेहगंज पश्चिमी, बरेली (उ.प्र) को अभयपुर तिराहा भोजीपुरा बरेली क्षेत्र से अवैध तमंचे और लूट के माल के साथ गिरफ्तार किया गया.
आरोपी ने अपने भाई और दोस्त के साथ लूटपाट की घटना को दिया अंजामरू पूछताछ मे आरोपी ने बताया कि उसने अपने भाई अबरार और दोस्त शकील निवासी लोहार नगला, फतेहगंज पश्चिमी बरेली के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई. जिसके बाद 21/22 जनवरी की रात बरा गांव में एक घर में घुसकर तमंचे के बल पर उस घर से 87,000 रुपए नगदी, ज्वैलरी और 2 मोबाइल फोन लूट लिए.
लूटपाट की रकम और सामान का किया बंटवारारू लूटपाट के बाद तीनों ने मिलकर एक घर से बाइक भी चुराई. वहीं, चुराए रुपए का बंटवारा किया गया. जिसमें उसके हिस्से में 25,000 रुपए और एक फोन आया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. जबकि, लूटी गई बाकी राशि, ज्वैलरी और बाइक अबरार व शकील के पास है. ऐसे में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है


