उत्तराखंड

वन भूमि चिन्हीकरण की कार्रवाई का विरोध में उतरे लोग, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

उत्तराखण्ड
29 दिसम्बर 2025
वन भूमि चिन्हीकरण की कार्रवाई का विरोध में उतरे लोग, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
ऋषिकेश। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ऋषिकेश के आसपास के इलाकों में वन भूमि चिन्हीकरण की कार्रवाई को लेकर लोग काफी आशंकित और खौफ में हैं. लिहाजा, लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में सैकड़ों लोग सड़क छोड़ रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं. जिससे मामला गरमा गया है. उधर, शिवाजी नगर में बैठक आहूत की गई. जिसमें पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी, अभिनव सिंह मलिक के नेतृत्व में कई लोग शामिल हुए. बैठक में लोगों ने वन विभाग की कार्रवाई को लेकर अपने-अपने विचार रखे.

मनसा देवी रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर जमे लोगरू दरअसल, वन विभाग की कब्जे वाली भूमि हाथ से जाते देख लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है. आक्रोशित लोगों ने सड़क तो छोड़ अब रेल मार्ग को भी जाम करना शुरू कर दिया है. मनसा देवी रेलवे फाटक पर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित होकर ट्रैक पर बैठ गए हैं, जिसमें महिलाएं सबसे ज्यादा शामिल हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जान जाए पर भूमि हाथ से न जाए.

लोगों ने प्रदर्शन करते हुए वन विभाग की कार्रवाई का विरोध किया है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है, जो लोगों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं है. स्थिति गंभीर बनी हुई है. लोग अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.

योग नगरी स्टेशन से आने जाने वाली ट्रेनें प्रभावितरू इस वजह से कोच्चिवली से आने वाली और योग नगरी स्टेशन से जाने वाली गंगानगर एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे से ट्रैक पर रुकी हुई है. जिससे मुसाफिरों को फजीहत का सामना करना पड़ रहा है. इन दोनों ट्रेन की वजह से अन्य ट्रेनों के संचालक पर भी असर पड़ता हुआ नजर आ रहा है.

भीड़ से किसी ने पुलिस पर फेंका पत्थररू वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई से नाराज लोग सड़क छोड़ रेलवे ट्रैक पर जान देने के लिए बैठ गए. इस दौरान पुलिस के साथ प्रशासन की टीम ने लोगों को समझने का प्रयास किया. स्थिति तनावपूर्ण हुई तो मौके पर जीआरपी की टीम भी पहुंची. इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में भीड़ से किसी ने पुलिस पर पत्थर फेंक दिया बचाव में पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मी पीछे हटे और भीड़ को समझने की कोशिश की, लेकिन भीड़ मौके पर डटी रही. फिलहाल, मौके पर पीएसी की टीम को भी बुलाया गया है. घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंची हुई है. फिलहाल, कई शासनिक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *