पंजाब में बारिश का रेड और बुधवार को यलो अलर्ट जारी, पंजाबी गायकों ने पंजाबियों के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश शुरू
उत्तराखण्ड
2 सितम्बर 2025
अक्षत सिंह
पंजाब में बारिश का रेड और बुधवार को यलो अलर्ट जारी, पंजाबी गायकों ने पंजाबियों के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश शुरू
चण्डीगढ़। पंजाब में बारिश का रेड और बुधवार को यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहा कि पहाड़ों पर भी यदि बारिश न थमी तो पंजाब में हालात और बिगड़ सकते हैं। सात सितंबर तक बूंदाबांदी के आसार बताए जा रहे हैं। अभी तक पंजाब में 470 एमएम बारिश हो चुकी है जोकि मानसून सीजन में सामान्य से 30 फीसदी ज्यादा है। वहीं हिमाचल में भी अभी तक 834 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 36 फीसदी अधिक है।
मैदानों के साथ-साथ पहाड़ों पर हुई अत्यधिक बारिश की वजह से ही पंजाब में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए एनडीआरएफ समेत आर्मी व एयरफोर्स की टीमें तैनात हैं। पंजाब सरकार के मंत्री व विधायक फील्ड में सक्रिय हैं और लोगों को हरसंभव मदद मुहैया करवा रहे हैं। भाजपा, कांग्रेस व शिअद के कार्यकर्ता व नेता भी राहत कायों में जुटे हुए हैं।
पंजाब सरकार के अनुसार सूबे के गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, मानसा, फाजिल्का, जालंधर, मोहाली व बरनाला जिले बुरी तरह प्रभावित हैं। इन जिलों के 1044 गांव प्रभावित हैं। अभी तक 15688 लोगों को बचाया जा चुका है। सरकार ने इन जिलों में 129 राहत कैंप लगाए हैं, जिनमें 7144 लोगों को आश्रय दिया गया है। एनडीआरएफ की 20 टीमें व एयरफोर्स-आर्मी की 12 कॉलम व 30 से 35 हेलिकॉप्टर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। बीएसएफ के जवान भी लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं।
पंजाब में बाढ़ से हाल बेहाल है। इस बीच पंजाबी गायकों ने पंजाबियों के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश शुरू कर मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।
गायक गुरदास मान ने बाढ़ प्रभावितों के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की है। गुरदास मान पंजाबियों के आईकॉन है। वहीं सतिंदर सरताज ने अमृतसर के अजनाला में 500 परिवारों के लिए एक महीने का राशन भेजा। दिल लै गई कुड़ी गुजरात की, गाने से शोहरत पाने वाले पंजाबी गायक जसबीर जस्सी खुद जमीनी स्तर पर उतरकर मदद कर रहे हैं। उन्होंने एक संपर्क नंबर जारी किया, जिससे प्रभावित क्षेत्र से जरूरतों की जानकारी मिलने पर राहत सामग्री पहुंचाने में उनकी टीम सक्षम हो सके।
गुरु रंधावा ने स्थापित किया रिलीफ फंड
गायक गुरु रंधावा ने एक रिलीफ फंड स्थापित किया और सोशल मीडिया पर राहत कैंपों की जानकारी साझा की। करण औजला ने एनजीओ को एक मोटर बोट दान की, जिसकी मदद से राहत कार्यकर्ता अजनाला, फाजिल्का क्षेत्रों तक पहुंच कर राहत सामग्री वितरित कर सके। गिप्पी ग्रेवाल ने पशु चारे के ट्रक भेजे।


