रामनगर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर स्थिति खतरनाक, बेलगढ़ नाला उफान पर
उत्तराखण्ड
14 अगस्त 2025
रामनगर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर स्थिति खतरनाक, बेलगढ़ नाला उफान पर
रामनगर। कुमांऊ में लगातार हो रही भारी बारिश से रामनगर-हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर स्थिति खतरनाक बनी हुई है. बुधवार शाम बेलगढ़ नाला उफान पर आ गया. जिससे आवागमन प्रभावित हो गया. इसी बीच एक कार सवार ने लापरवाही में अपनी गाड़ी को तेज बहाव वाले नाले में उतार दी. तेज पानी के दबाव में कार बह गई. जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय नाले का जलस्तर पहले से ही काफी बढ़ा हुआ था. पानी का बहाव बेहद तेज था. बावजूद इसके, चालक ने जोखिम उठाते हुए कार को पार कराने की कोशिश की.जैसे ही कार बीच में पहुंची, इंजन बंद हो गया. पानी का तेज बहाव उसे बहाकर आगे ले गया. कार में चालक समेत अन्य सवार भी मौजूद थे.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. रस्सियों और लाइफ जैकेट की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया.
एसडीएम रामनगर ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान किसी भी नदी-नाले को पार करने की कोशिश न करें. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है. जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है. पुलिस ने हाईवे पर बेलगढ़ नाले के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है. जिससे कोई वाहन चालक जोखिम न उठाए.


