नगर पालिका परिषद किच्छा एवं नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्षों तथा उनके सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतदान
उत्तराखण्ड
20 सितम्बर 2026
नगर पालिका परिषद किच्छा एवं नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्षों तथा उनके सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतदान
रूद्रपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि नगर पालिका परिषद किच्छा एवं नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां के अध्यक्षों तथा उनके सदस्यों के निर्वाचन हेतु मतदान की तिथि एवं समय दिनांक 22 सितम्बर को प्रातः 08 बजे से अपराह्न 05 बजे तक तथा मतगणना की तिथि एवं समय 24 सितम्बर को प्रातः 08 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने उक्त नगरीय निकाय निर्वाचन के दृष्टिगत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाने तथा लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मतदान प्रारंभ होने के 24 घंटे पूर्व अर्थात् 21 सितम्बर को संपूर्ण दिवस व 22 सितम्बर को मतदान समाप्ति तक तथा मतगणना दिवस 24 सितम्बर को मतगणना कार्य समाप्ति तक नगर पालिका परिषद किच्छा एवं नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां की 08 किलोमीटर की परिधि के अंतर्गत संचालित समस्त मदिरा अनुज्ञापनों/मद्य विक्रय प्रतिष्ठानों में मादक पदार्थों के विक्रय, वितरण एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने बताया कि उक्त अवधि के दौरान नगर पालिका परिषद, किच्छा एवं नगर पालिका परिषद, सिरौलीकलां की निर्धारित 08 किलोमीटर परिधि के अंतर्गत स्थित सभी मदिरा अनुज्ञापन पूर्णतः बंद रहेंगे। उन्होने बताया कि इस आदेश का उल्लंघन किए जाने की दशा में संबंधित व्यक्तियों/अनुज्ञापियों के विरुद्ध प्रचलित आबकारी अधिनियमों एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

