कांवड़ियों की भीड़ के बीच नकली नोट चलाने का मामला, करीब 30 हजार रुपये के जाली नोट बरामद
उत्तराखण्ड
8 अगस्त 2026
कांवड़ियों की भीड़ के बीच नकली नोट चलाने का मामला, करीब 30 हजार रुपये के जाली नोट बरामद
हरिद्वार। कांवड़ मेले में कांवड़ियों की भीड़ के बीच नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है. हरकी पैड़ी क्षेत्र में कुछ युवकों ने एक व्यापारी के साथ लेनदेन के दौरान नकली नोट चलाने का प्रयास किया. व्यापारी को शक हुआ तो उसने युवकों को पकड़ लिया.
इसी बीच मौके पर भीड़ जमा हो गई. अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गए, लेकिन आरोपियों का सामान मौके पर ही छूट गया. तलाशी लेने पर उसमें करीब 30 हजार रुपये के जाली नोट बरामद हुए. साथ ही मुरादाबाद चन्दौसी के टिकट, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं. बरामद नोटों में 100, 200 और 500 के नकली नोट शामिल हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामला हर की पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास का है. यहां कुछ युवक कांवड़ यात्रियों के भेष में व्यापारी के पास पहुंचे थे. उन्होंने खरीदारी के दौरान नोट दिए. नोटों को देखकर व्यापारी को शक हुआ और उसने युवकों को पकड़ लिया. देखते ही देखते आसपास भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान आरोपी व्यापारी की पकड़ से छूटकर भीड़ में गायब हो गए. आरोपियों के मौके पर छूटे सामान की तलाशी ली गई, तो उसमें करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए. इसके अलावा मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी बरामद हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और पुलिस ने नोट और टिकट समेत सारा सामान कब्जे में ले लिया.
टिकटों के आधार पर पुलिस आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और उनके आने जाने के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज में आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा रहा है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर क्षेत्र से निकल गए होंगे.
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि जाली नोट बरामद किए गए हैं. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


