उत्तराखंड

काशीपुर में होगी इंटरसिटी बस सेवा शुरू

उत्तराखण्ड
26 जुलाई 2026
काशीपुर में होगी इंटरसिटी बस सेवा शुरू
काशीपुर। शहर की सड़कों पर पहली बार इंटरसिटी बस सेवा शुरू होने की रुपरेखा तैयार हो चुकी है। जल्द ही बस सेवा धरातल पर उतर जाएगी। इसका प्रस्ताव बनाकर तैयार कर लिया गया है। सिर्फ अनुमति मिलने का इंतजार है।

नगर निगम क्षेत्र के शहरवासियों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने के लिए ई-रिक्शा, टैंपो या निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था। इसमें समय बर्बादी के साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा था। ऐसे में शहरवासियों को राहत देने के लिए कवायद तेज हो गई है। निगम प्रशासन ने शहर की चारों दिशाओं में ईवी बस संचालन का प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही रूट प्लान बनाया है। बता दें क्षेत्र के आसपास कस्बों में रोजाना हजारों लोग नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए इधर-उधर आते-जाते हैं। ऐसे में निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और छात्राओं-महिलाओं को भी सुविधा मिलेगी।

पीपीपी मोड पर होगा संचालन
मेयर दीपक बाली ने बताया शहरवासियों की सुविधा के लिए सात वातानुकूलित 35 सीटर इलेक्ट्रिक बसों की रूपरेखा तैयार की है जिसका संचालन पीपीपी मोड पर कराया जाएगा। शून्य प्रदूषण और आधुनिक सुविधाओं से बसें लैस होंगी। साथ ही इसका किराया भी न्यूनतम रखा जाएगा ताकि हर वर्ग का व्यक्ति अपने गंतव्य तक आ-जा सके। सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक सेवा उपलब्ध रहेगी।

कहां से कहां तक मिलेगी बस की सुविधा
– नगर निगम सीमा से औद्योगिक क्षेत्र महुआखेड़ा गंज होते हुए पैगा से यूपी की सीमा तक
– नगर निगम सीमा से सुल्तानपुर पट्टी उत्तराखंड सीमा तक
– नगर निगम सीमा से हेमपुर डिपो गौशाला तक
– नगर निगम सीमा से महादेव नगर ढकिया आदि कुंडेश्वरी तक
– नगर निगम सीमा से जसपुर में उत्तराखंड सीमा तक
– नगर निगम सीमा से मुरादाबाद रोड पर उत्तराखंड सीमा तक
– नगर निगम सीमा से दढ़ियाल रोड पर उत्तराखंड सीमा तक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *