उत्तराखंड

मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने किया इज्जतनगर-रामनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण

उत्तराखण्ड
14 जुलाई 2026
मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने किया इज्जतनगर-रामनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण
रामनगर/बरेली। पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने आज मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ इज्जतनगर-रामनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर संरक्षा मानकों, यात्री सुविधाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पंतनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर एवं उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता, यात्रियों की सुविधा तथा रखरखाव के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा यात्री सुविधाओं के सतत उन्नयन पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे रामनगर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सहायता हेतु स्थापित सहयोग बूथ, पुनर्विकसित आरक्षण भवन, स्टेशन पैनल कक्ष तथा विभिन्न संरक्षा एवं परिचालन संबंधी उपकरणों का भी गहन अवलोकन किया।
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रामनगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। परियोजना के तहत आधुनिक प्रतीक्षालय, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, आकर्षक स्टेशन भवन का फसाड, उच्चीकृत प्लेटफॉर्म, जीआरपी पोस्ट, नया आरक्षण भवन, सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, जल निकासी व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक साइनेज एवं एलईडी लाइटिंग तथा वाहनों के लिए समुचित पार्किंग की व्यवस्था विकसित की गई है।
दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर (टैक्टाइल पाथ), सुलभ टिकट काउंटर, पेयजल बूथ, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, रैंप, आरक्षित पार्किंग तथा सहायता के लिए समर्पित सहयोग बूथ की व्यवस्था भी की गई है।
रामनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित हाथी एवं बाघ की आकर्षक प्रतिमाएं यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई हैं तथा सेल्फी प्वाइंट के रूप में लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *