काशीपुर में अत्याधुनिक पूर्णतः इलेक्ट्रिक मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर मशीन का विधिवत शुभारम्भ
उत्तराखण्ड
29 जून 2026
काशीपुर में अत्याधुनिक पूर्णतः इलेक्ट्रिक मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर मशीन का विधिवत शुभारम्भ
काशीपुर। काशीपुर नगर निगम की सफाई व्यवस्था को बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से महापौर दीपक बाली ने नगर आयुक्त, पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में लगभग 38 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई अत्याधुनिक पूर्णतः इलेक्ट्रिक मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर मशीन का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उद्घाटन कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही काशीपुर आधुनिक सफाई तकनीक से जुड़ गया।
महापौर दीपक बाली ने बताया कि यह उत्तराखंड की अपनी तरह की पहली बहुउद्देश्यीय पूर्णतः इलेक्ट्रिक मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीन है, जो बारिश के दौरान भी प्रभावी ढंग से कार्य कर सकती है। मशीन सड़कों की सफाई, धूल नियंत्रण, जेटिंग, फॉगिंग तथा वैक्यूम होज के माध्यम से कचरा संग्रहण जैसे अनेक कार्य एक साथ करने में सक्षम है।
इस अत्याधुनिक मशीन में पीएम 2.5 एवं पीएम 10 धूल नियंत्रण तकनीक, शून्य टेलपाइप उत्सर्जन और कम शोर जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं, जिससे शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद के चलते काशीपुर के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए विकास के वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है और आज काशीपुर में जो सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है, वह मुख्यमंत्री के सहयोग का ही परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह रोड स्वीपर मशीन शहर की स्वच्छता व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी। भविष्य में नगर निगम और भी इलेक्ट्रिक मशीनें खरीदेगा, जिससे सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने के साथ ईंधन पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि यह मशीन शहर की स्वच्छता के साथ-साथ जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल साह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी, मुक्ता सिंह, अभिषेक गोयल, अर्बन बैंक अध्यक्ष अजय टंडन, अशोक पैगिया, पार्षद अनिल कुमार, पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, शाह आलम, हनीफ गुड्डू, सतीश शर्मा, अनीता कांबोज, वैशाली गुप्ता, मनोज बाली, दीपा पाठक, बीना नेगी, सादिक हुसैन, प्रिंस बाली, शशांक गोले, संदीप सिंह, मोनू, घनश्याम सैनी, मनोज जग्गा, अशोक सैनी, मनोज पाहवा, चौधरी समरपाल सिंह, हफीजुर रहमान, भाजपा नेत्री विमला आर्य, काजल आर्य, आकाश गर्ग, पूर्व पार्षद अनिल चौहान, भाव्य पांडे, सुशांत नवीन तथा मशीन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के प्रतिनिधि अपूर्व मिश्रा, अंशुल गुप्ता, अमित तिवारी, अमित अहिरभर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


