राजकीय पॉलीटेक्निक में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू
उत्तराखण्ड
18 जून 2026
राजकीय पॉलीटेक्निक में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू
काशीपुर। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 18 जून आज से शुरू की जा रही है। प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया दो जुलाई तक चलेगी।
आठ जून को राजकीय पॉलीटेक्निक में नए सत्र के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलीटेक्निक्स-2026 का आयोजन किया गया। इसमें फार्मेसी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, सिविल, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियर, आईटी, कृषि, केमिकल, केमिकल टेक्नोलॉजी पेंट आदि ब्रांचों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा में करीब 1036 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। फार्मेसी, इंजीनियरिंग आदि ग्रुप में 876 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी जबकि 160 गैरहाजिर रहे। अब परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों की प्रथम चरण की काउंसलिंग शुरू होनी है। ऑनलाइन काउंसलिंग में सम्मिलित होने से पूर्व अभ्यर्थी www.ubter.in पर जानकारी कर लें। इसके बाद काउंसलिंग की वेबसाइट https://admissions.ubterjeep.co.in पर उन्हें पंजीकरण करना होगा। इसके लिए संस्थान में तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रधानाचार्य बीपी सिंह ने बताया कि आवेदक 18 से 21 जून तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर विकल्प भर सकते हैं। 24 जून को संस्थान और ब्रांच आवंटित होगी। 25 जून से 2 जुलाई तक अभ्यर्थी आवंटित संस्थान में रिपोर्ट करेंगे। इसके बाद अभिलेखों की जांच के बाद उसे प्रवेश दिया जाएगा।


