गवर्नर्स गोल्फ कप टूर्नामेंट का शुभारंभ
उत्तराखण्ड
23 मई 2026
गवर्नर्स गोल्फ कप टूर्नामेंट का शुभारंभ
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक राजभवन में आज से 21वें गवर्नर्स गोल्फ कप टूर्नामेंट का आगाज हो गया है. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने टी-ऑफ कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया. 22 से 24 मई तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर से आए 171 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता जूनियर, सीनियर, महिला और सुपर सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही है. इस प्रतियोगिता में 7 साल की सबसे छोटी प्रतिभागी और 81 साल के वरिष्ठ खिलाड़ी इस बार आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं.
नैनीताल राजभवन का गोल्फ कोर्स अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और कठिन बनावट के लिए देश ही नहीं बल्कि एशिया के सबसे चुनौतीपूर्ण गोल्फ कोर्सों में गिना जाता है. घने जंगलों और पहाड़ी ढलानों के बीच बने इस 18 होल वाले गोल्फ कोर्स में खिलाड़ियों को लगभग 4 किलोमीटर तक ऊपर-नीचे पैदल चलना पड़ता है. .यह गोल्फ कोर्स खिलाड़ियों के फिटनेस की भी परीक्षा लेता है.
45 एकड़ में फैले इस गोल्फ कोर्स की खासियत यह है कि यहां पेड़ों और सीढ़ीनुमा मैदानों के कारण खिलाड़ियों को सीधे होल दिखाई नहीं देते हैं. ऐसे में गेंद को सही दिशा में पहुंचाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है. देशभर से आए गोल्फरों ने इसे रोमांचक और अलग अनुभव बताया.
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कहा खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और खेल भावना भी विकसित करते हैं. उन्होंने कहा गोल्फ युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ पर्यटन और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देता है.
राज्यपाल ने कहा इस बार की प्रतियोगिता पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद खंडूड़ी को समर्पित है. तीन दिन तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग राज्यों से खिलाड़ी नैनीताल पहुंचे हैं. उन्हें उम्मीद है कि सभी इस ऐतिहासिक और चुनौतीपूर्ण गोल्फ कोर्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे


