उत्तराखंड

काशीपुर का रोडवेज स्टेशन खस्ताहाल, यात्रियों को पीने के पानी तक की सुविधा नहीं

उत्तराखण्ड
6 अप्रैल 2026
काशीपुर का रोडवेज स्टेशन खस्ताहाल, यात्रियों को पीने के पानी तक की सुविधा नहीं
काशीपुर। काशीपुर का रोडवेज स्टेशन इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यात्री सुविधाओं के नाम पर काशीपुर रोडवेज डिपो में अब कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते खस्ताहाल हुए डिपो को पूछने वाला कोई नहीं है। इस डिपो में अधिकारियों की अनदेखी के चलते यात्रियों को पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों व रोडवेज कर्मियों को भी पानी पीने के लिए मजबूर होकर स्टेशन के बाहर से बोतल खरीदनी पड़ रही है। वाटर कूलर में लगी टंकी टूट गई है, जिसे सही नहीं कराया गया है। वाटर कूलर में कभी पानी आता है और कभी नहीं। डिपो परिसर में लगा हैंडपंप भी खराब हो गया है लेकिन हैंडपंप को सही कराने की जहमत कोई नहीं उठा रहा है। हालांकि डिपो की कार्यशाला में पेयजल लाइन है और वर्कशॉप कर्मी वहां से पानी पी लेते है, लेकिन यात्रियों के बारे में कोई सोचने को तैयार नहीं है। इसके अतिरिक्त डिपो परिसर में गहरे गड्ढे यात्रियों व चालकों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। डिपो परिसर में गंदगी का अम्बार है। जगह-जगह कूड़ा पड़ा है। इसके अतिरिक्त डिपो में शौचालय बदहाल हैं और बंद पड़ी कैंटीन से अव्यवस्था और बढ़ गई है। आज रोडवेज डिपो पर बैठे स्थानीय कई यात्री व्यवस्था को कोसते दिखे। विकास के मामले में विशिष्ट पहचान रखने वाले काशीपुर के रोडवेज को न जाने किसकी नज़र लगी है, कि विकास के बड़े-बड़े दावे और वादे करने वाले यहां के जनप्रतिनिधि काशीपुर रोडवेज डिपो की दशा सुधारने की ओर कदम नहीं बढ़ा पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *