उत्तराखंड

काशीपुर में देशी-विदेशी शराब की दुकान के विरोध में स्थानीय महिलाओं का फुटा गुस्सा

उत्तराखण्ड
5 अप्रैल 2026
काशीपुर में देशी-विदेशी शराब की दुकान के विरोध में स्थानीय महिलाओं का फुटा गुस्सा
काशीपुर। चैती चौराहा बाजपुर रोड के समीप हाल ही में खुली देशी-विदेशी शराब की दुकान के विरोध में स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा. देर शाम बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर एकत्रित हुईं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की. इस दौरान मौके का माहौल काफी तनावपूर्ण रहा.

सूचना मिलते ही आबकारी विभाग के निरीक्षक देवराज चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि रिहायशी इलाके के पास शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो जाएगा. उनका कहना था कि इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आबकारी निरीक्षक को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें स्पष्ट रूप से दुकान को बंद कराने की मांग की गई. महिलाओं का कहना था कि आसपास धार्मिक स्थल मौजूद हैं और ऐसे स्थान के पास शराब की दुकान खोलना पूरी तरह अनुचित है.

उन्होंने यह भी कहा कि इससे सामाजिक वातावरण बिगड़ सकता है और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है.महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी. उन्होंने साफ किया कि जरूरत पड़ने पर वे धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी. वहीं, मौके पर मौजूद आबकारी निरीक्षक देवराज चौधरी ने महिलाओं को समझाने की कोशिश करते हुए कहा कि विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी मंदिर से 100 मीटर के दायरे में शराब की दुकान नहीं खोली जा सकती.

उन्होंने बताया कि जिस दुकान का विरोध किया जा रहा है, वह सभी मानकों को पूरा करती है और आसपास के मंदिर निर्धारित दूरी से अधिक दूर स्थित हैं. प्रशासनिक टीम ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन महिलाओं के तेवरों को देखते हुए आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमा सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *