स्पा सेंटरों पर छापेमारी, मची अफरा तफरी
उत्तराखण्ड
6 अप्रैल 2026
स्पा सेंटरों पर छापेमारी, मची अफरा तफरी
रुद्रपुर। शहर के एक मॉल में संचालित स्पा सेंटरों पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की. यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर की गई. स्पा सेंटरों पर छापेमारी के दौरान कुछ सेंटरों के ताले तोड़कर पुलिस ने अंदर प्रवेश किया और जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. वहीं कार्रवाई के दौरान कई संचालक मौके से फरार हो गए.
छापेमारी की खबर मिलते ही कई स्पा सेंटर संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए. कुछ संचालकों ने जल्दीबाजी में सेंटरों पर ताले लगा दिए, ताकि जांच से बचा जा सके. हालांकि, प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ग्राइंडर मशीन के जरिए ताले कटवाए और पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई. जब पुलिस ने सेंटरों के अंदर जांच की, तो वहां कई युवक और युवतियां मौजूद मिले. सभी से पूछताछ की गई और उनकी मौजूदगी को लेकर जानकारी जुटाई गई.
जांच के दौरान कई स्पा सेंटरों में नियमों का खुला उल्लंघन सामने आया. लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, और अन्य आवश्यक दस्तावेजों में भारी कमी पाई गई. प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की. जिन सेंटरों के ताले तोड़े गए, उनके बाहर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है, ताकि दोबारा कोई अवैध गतिविधि संचालित न हो सके. इस पूरी कार्रवाई के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार इन स्पा सेंटरों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद कराया गया था, लेकिन कुछ समय बाद वे फिर से चालू हो जाते हैं.
ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इन सेंटरों को बार-बार खुलने की अनुमति कैसे मिल जाती है.प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिल रहा है कि अवैध गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी, लेकिन स्थायी समाधान के लिए लगातार निगरानी और कड़े नियमों के पालन की आवश्यकता है. अब देखने वाली बात होगी कि इस बार की कार्रवाई के बाद इन स्पा सेंटरों पर कितना प्रभाव पड़ता है और क्या भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर पूरी तरह रोक लग पाती है या नहीं


