सूर्या फाउंडेशन ने किया करनपुर में सफाई कर्मचारियों को सम्मानित
उत्तराखण्ड
3 अक्टूबर 2025
सूर्या फाउंडेशन ने किया करनपुर में सफाई कर्मचारियों को सम्मानित
कुन्डा । सूर्या फाउंडेशन द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए ग्राम करनपुर में सफाई कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर गांव में कार्यरत 10 सफाई कर्मचारियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवाभावी सरदार गुरमुख सिंह ने सफाई कर्मियों का सम्मान करते हुए कहा कि समाज की स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनका योगदान सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती और इसके लिए सफाई कर्मचारी हमारे असली नायक हैं।
सूर्या फाउंडेशन के उत्तराखंड क्षेत्र प्रमुख हिमांशु ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। यदि कार्य ईमानदारी और निष्ठा से किया जाए तो वही सबसे बड़ा धर्म और समाज सेवा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों के उत्साह और समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर सूर्या कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शिक्षिका अमनदीप कौर भी उपस्थित रही और उन्होंने सफाई कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों को प्रेरणादायी बताया। सूर्या फाउंडेशन लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक उत्थान के कार्यों से ग्रामीण समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। करनपुर में आयोजित यह सम्मान समारोह न केवल सफाई कर्मियों का उत्साह बढ़ाने वाला रहा बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि हर कार्य की गरिमा और महत्व होता है।


