सुल्तानपुर पट्टी में हुआ एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन
उत्तराखण्ड
22 फरवरी 2026
सुल्तानपुर पट्टी में हुआ एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन
सुल्तानपुर पट्टी। नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी स्थित रामलीला मैदान में विगत दिवस एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। यहां वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता, सनातन मूल्यों की रक्षा और सांस्कृतिक चेतना के प्रसार पर जोर दिया। कार्यक्रम में उमड़ी क्षेत्रवासियों की भीड़ ने वैचारिक चर्चाओं के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का संकल्प लिया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता मीरा विश्नोई ने मातृशक्ति और समाज के निर्माण में सनातन संस्कृति की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संस्कारवान पीढ़ी ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकती है। विशिष्ट वक्ता ईश्वरी दत्त जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। वहीं विकासनाथ ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक कला है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। वक्ताओं ने वर्तमान पीढ़ी को अपनी प्राचीन संस्कृति और नैतिक मूल्यों से अवगत कराने, समाज में सांस्कृतिक गौरव को पुनः जागृत करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और आपसी भेदभाव भुलाकर समाज को संगठित और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस विराट सम्मेलन का उद्देश्य क्षेत्र में सकारात्मकता का संचार करना और समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करना था। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने देश और समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। यहां भाजपा नेता राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष गुरमुख सिंह, राजीव सैनी, हरपाल सिंह, टिंकू यादव, रमेश गर्ग, मोहित कुमार, रिचा, आयुषी, हरजिंदर आदि रहे।


