रेलवे ट्रैक पर अचानक मलबा गिरने से हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित
उत्तराखण्ड
8 सितम्बर 2025
रेलवे ट्रैक पर अचानक मलबा गिरने से हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित
हरिद्वार। हरिद्वार में काली मंदिर के पास सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर अचानक मलबा गिरने से हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। हादसे के वक्त ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे किसी बड़े नुकसान या हताहत से बचा जा सका।
काली मंदिर पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि, पहाड़ से गिरा मलबा मंदिर के मुख्य गेट तक पहुंच गया, जिसके कारण गेट अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। प्रशासन ने कहा कि मलबा गिरने से मंदिर या आसपास के संरचनात्मक हिस्सों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल ट्रैक पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। हरिद्वार रेलवे स्टेशन तक ट्रेनें सुचारु रूप से पहुंच रही हैं, लेकिन आगे का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। भारी मशीनरी और सुरक्षा कर्मियों की मदद से मलबा हटाने के बाद जैसे ही ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होगा, ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा।



