रामनगर से देहरादून और कोलकाता के लिए ट्रेन के संचालन होने की उम्मीद
उत्तराखण्ड
27 मार्च 2026
रामनगर से देहरादून और कोलकाता के लिए ट्रेन के संचालन होने की उम्मीद
काशीपुर। इज्जतनगर मंडल की ओर से रामनगर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन बनाने का कार्य अंतिम दौर में है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर यार्ड के विस्तारीकरण का कार्य जारी है। पिट लाइन और यार्ड का विस्तार होने से यहां लंबी दूरी की ट्रेन खड़ी होंगी। रामनगर से देहरादून और कोलकाता के लिए ट्रेन के संचालन होने की उम्मीद है।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर बनी पुरानी पिट लाइन छोटी और खस्ताहाल है। इस पर रेलवे नई पिट लाइन बना रहा है। यह 602 मीटर लंबी है। इसमें 22 कोच की ट्रेन खड़ी हो सकेंगी और मरम्मत आसानी से हो सकेंगे। पिट लाइन के अलावा रामनगर में यार्ड का विस्तार किया जा रहा है। पांच से छह माह बाद इसके तैयार होने की उम्मीद है।
रामनगर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक राजकुमार वरनवाल ने बताया कि नई पिट लाइन नई ट्रेन के हिसाब से तैयार हो रहा है ताकि मरम्मत करने वालों को परेशानी न हो। रामनगर रेलवे स्टेशन में दो ही प्लेटफार्म हैं। नई पिट लाइन के दोनों किनारों पर फुटपाथ बन रहा है। उम्मीद है कि पिट लाइन को तीसरे प्लेटफार्म के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर ने बताया कि रामनगर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन के अलावा यार्ड के विस्तार का कार्य हो रहा हैं। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद लंबी दूरी की ट्रेन यहां पर खड़ी हो सकेगी।


