मानपुर में ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर सहमति बनी
उत्तराखण्ड
5 मार्च 2025
मानपुर में ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर सहमति बनी
काशीपुर। मानपुर गांव में जिस स्थान पर ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट लगनी थी, वहां जलभराव की समस्या थी। इस पर विकास खंड प्रतापपुर में जमीन तलाश रहा था, लेकिन वहां जमीन नहीं मिलने से अब मानपुर में ही यूनिट लगाने पर सहमति बनी है। यूनिट को स्वयं सहायता समूह की महिलाएं संचालित करेंगी।
मानपुर में महिलाओं के उत्थान के लिए ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जा रही है। यूनिट को परिवर्तन संकुल संगठन संचालित करेगा। यह ढाई हजार महिलाओं का संगठन है। मानपुर में जहां जमीन मिली थी, वहां जलभराव की समस्या थी। इसे देखते हुए प्रतापपुर में जमीन तलाशी जा रही थी, लेकिन नहीं मिली। विकास खंड को मानपुर में ही दूसरी जमीन मिल गई है। जहां पर यूनिट लगाने पर सहमति बनी है। 15 लाख रुपये में स्थापित होने वाली इस यूनिट में कच्ची सरसों से तेल बनाकर महिलाएं बाजार में बेचेंगी। बीडीओ कमल किशोर पांडे ने बताया कि मानपुर में दूसरी जमीन मिल गई है। अब मानपुर में ही ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।


